बिलासपुर। जिले की प्रथम महिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में पारूल माथुर ने आज पदभार ग्रहण किया। एसएसपी पारुल माथुर ने हाल ही में स्वदेश लौटने के बाद अपना कोरोना टेस्ट करवाया और वो
नेगेटिव हैं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप चिटफंड कंपनियों पर कार्रवाई लगातार जारी रखेंगी और किसी भी दोषी का बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बिलासपुर में विजिबल पुलिसिंग पुलिस के तहत काम सुचारू रूप से चलाने की बात की।
मालूम हो बिलासपुर में पहली बार किसी महिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पदभार संभाला है,अपनी नई और पहली महिला एसएसपी से जिले को बहुत उम्मीद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बिलासपुर की लचर यातायात व्यवस्था को सुधारने को भी बताया। उन्होंने कहा कि खासकर चौक चौराहों पर पुलिसिंग को लेकर लगातार कार्रवाई होती रहेगी । एसएसपी पारुल माथुर ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि नशे के व्यापार पर लगाम लगाने के लिए और भी कसावट लाई जाएगी अवैध रूप से संचालित होने वाले व्यापार को पूरी तरह बंद किया जाएगा। इसके अलावा महिला होने के नाते उनकी प्राथमिकता शहर में महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने की होगी ताकि शहर की महिलाएं खुद को पूरी तरह से सुरक्षित महसूस कर सकें । उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को उनके द्वारा जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन कराया जाएगा,जहां पहुंचकर लोग अपनी समस्याओं को सीधे उनको बता सकेंगे। बता दें बिलासपुर में महिला एसएसपी पारुल माथुर पहले भी सीएसपी के रूप में काम कर चुकी है।