गुमला(झारखंड)। छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य झारखंड से शनिवार को पुलिस-नक्सली मुठभेड़ की बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि दोनों तरफ से एक घंटा तक रुक-रुक कर फायरिंग हुई। गोली चलने की आवाज डरे आसपास के गांवों के ग्रामीण घर से निकल कर सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं। अब तक जो जानकारी मिली है उसके अनुसार फोर्स ने नक्सली लीडर रविंद्र गंझू के दस्ते को घेर रखा है।
झारखंड पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुमला जिले में भाकपा माओवादियों के गढ़ बनालात के जुड़वानी केराकोना जंगल में रविंद्र गंझू के दस्ते के साथ पुलिस की आज जबरदस्त मुठभेड़ हुई। समाचार लिखे जाने तक रुक-रुक कर फायरिंग की आवाज सुनाई पड़ रही है। हालांकि इस मुठभेड़ में दोनों पक्षों में से किसी के हताहत की सूचना अब तक नहीं मिल सकी है।
बताया जा रहा है कि जैप एवं जगुआर पुलिस बल 3 दिन पूर्व से ही अभियान एसपी के नेतृत्व में गुमला जिले के बनालात इलाके में माओवादियों के खिलाफ अभियान चला रहा था। नक्सली मूवमेंट की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को जुड़वानी केरा कोना जंगल में माओवादियों की घेरा बंदी कर दी है। इस अभियान में एसडीपीओ, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी, एसआई सहित अन्य जवान शामिल हैं।
बता दें कि इसी जंगल में 5 माह पहले आईईडी विस्फोट में एक ग्रामीण की जान जा चुकी है। गत 19 अगस्त को माओवादियों द्वारा जुड़वानी केरा कोना जंगलों में बिछाए गए आईईडी बम की चपेट में आने से मवेशी चराने गए जुड़वानी गांव निवासी बुद्धू नागेशिया की मौत हो गई थी।