अवैध अतिक्रमण पर हाउसिंग बोर्ड की दरियादिली,स्टे आवेदन नहीं होने पर निर्माण कार्य बदस्तूर रहा जारी

निगम क्षेत्र में अवैध कॉलोनी के निर्माण के विरुद्ध कार्यवाही का पूरा अधिकार नगर निगम के पास है।

बिलासपुर । मंगला में हाउसिंग बोर्ड द्वारा विकसीत दीनदयाल कॉलोनी के चारों तरफ निजी जमीनों पर बिल्डरों द्वारा कॉलोनी निर्माण का काम धड़ल्ले से किया जा रहा है। बिल्डर निजी जमीन के साथ ही हाउसिंग बोर्ड की जमीन पर भी कब्जा कर निर्माण कर रहे हैं। सजग कॉलोनीवासियों ने इसकी शिकायत एक साल पूर्व 18 दिसंबर 2020 को हाउसिंग बोर्ड व राजस्व विभाग को की थी किन्तु अभी तक उस पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। जिसका पूरा फायदा उठाते हुए बिल्डर अपना काम तेजी से कर रहे है।
प्राप्त जनकारी अनुसार उक्त कॉलोनी के लोगों ने एक वर्ष पूर्व हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री से प्रत्यक्ष मिलकर लिखित शिकायत की थी। इसके बाद अनेक बार मौखिक व लिखित शिकायत की गई किन्तु कार्यपालन यंत्री द्वारा सिर्फ आश्वासन ही दिए गए। पीड़ित लोगों ने दिनांक 20 अक्टूबर 2021 को बोर्ड के अपर आयुक्त पनरिया से मिलकर पूरी जानकारी देते हुए लिखित शिकायत की थी। जिस पर उन्होंने इस पर तत्काल बोर्ड के अपने क्षेत्र को सरंक्षित करने व अवैध अतिक्रमण को रोकने के निर्देश कार्यपालन यंत्री को दिए थे।
इस बात को दो माह से अधिक गुजर जाने के बाद भी बोर्ड के सक्षम अधिकारियों ने कोई कार्यवाही नहीं की है। बोर्ड ने राजस्व विभाग में केवल सीमांकन के लिए आवेदन किया है , अपनी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे को रोकने के लिए स्टे आर्डर के लिए आवेदन नहीं किया है।
दूसरी तरफ राजस्व विभाग ने अभी तक विवादस्थल का सीमांकन नहीं किया है। इतना सब होने के बाद भी कार्यपालन यंत्री ने एक बार भी स्थल का भौतिक निरीक्षण नहीं किया है।
हाऊसिंग बोर्ड द्वारा हितग्राहियों को दिए MIG मकान की रजिस्ट्री में जो नक्शा संलग्न है, उससे प्रमाणित होता है कि मकान MIG क्रमांक 348 व 359 के बाद एक तिकोना बड़ा क्षेत्र हाउसिंग बोर्ड के आधिपत्य का है। यहां से आगे रोड बंद थी। इसके आगे निजी जमीन है जबकि निजी बिल्डर द्वारा इसी जमीन पर श्रद्धा जगन्नाथ हेवन्स के नाम से कॉलोनी का निर्माण कार्य किया जा रहा है। उक्त नक्शे, बिल्डर द्वारा निर्माण कार्य के शुरू करने व क्रमशः बाद के निर्माण कार्य की फ़ोटो के साथ शिकायत करने के बाद भी बोर्ड ने अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की है।

“हाउसिंग बोर्ड एस डी ओ श्रीमती गुंजा दीवान का कहना है कि हमने राजस्व विभाग को सीमांकन के लिए आवेदन किया है। लेकिन अनेक बार समय देने के बाद भी विवाद क्षेत्र का सीमांकन आर आई द्वारा नहीं किया गया है। निर्माण पर स्टे के लिए आवेदन शीघ्र करेंगें।”

अश्विनी देवांगन, आर. आई., मंगला ने पूछने पर बताया कि हमने दीनदयाल कॉलोनी के कुछ क्षेत्र का सीमांकन किया है। विवाद स्थल के सीमांकन के लिए बोर्ड के लोग हमें नही ले गए।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुलक भट्टाचार्य ने इस सबन्ध में कहा कि हमारे पास सीमांकन का आवेदन आया है , शीघ्र सीमांकन करने के निर्देश दे दिए हैं। हाउसिंग बोर्ड ने निर्माण कार्य रोकने के लिए विधिवत आवेदन नहीं दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *