रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों और विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म देखी।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। ऐसी फिल्मों के माध्यम से विशेषकर युवा पीढ़ी को देश की समृद्ध परंपराओं और जीवन मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका संदेश मानव सेवा, प्रेम और भक्ति पर आधारित था, जो आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है

उन्होंने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विचार, संस्कार और प्रेरणा को समाज तक पहुंचाने का प्रभावी जरिया भी है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन, आध्यात्मिक यात्रा तथा उनके सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है।