जम्मू-कश्मीर : 12 घंटे में लश्कर और जैश के पांच पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया है। मुठभेड़ दो जगह चल रही थी और 12 घंटे में पांच आतंकियों की मौत के साथ खत्म हुई है। समाचार एजेंसी एएनआई को कश्मीर के आईजीपी ने बताया कि मारे गए आतंकियों में जैश कमांडर और आतंकी जाहिद वानी और पाकिस्तान के दहशतगर्द शामिल हैं।
बीते रोज घाटी के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी। पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम इस ऑपरेशन को अंजाम दे रही थीं।
पुलिस को जिले के नियारा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी जिसके आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई।
बडगाम में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़
उधर, मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में भी आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। आतंकी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग न सकें, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए। इस ऑपरेशन को सेना की 53-आरआर(राष्ट्रीय राइफल्स) बडगाम पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम अंजाम दे रही थीं।