नक्सलियों ने लूटा LPG सिलेंडर से भरा पिकअप, जवानों को सप्लाई के लिए निकली थी वाहन

​​​​​​​कोंटा:छत्तीसगढ़ के सुकमा में सोमवार को नक्सलियों ने LPG (घरेलू गैस) से भरे सिलेंडर लूट लिए। नक्सलियों ने ड्राइवर और हेल्पर को मारपीट कर भगा दिया। इसके बाद सिलेंडर से भरा पिकअप लेकर भाग निकले। सूचना मिलने पर ड्राइवर और हेल्पर को कैंप लाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। वहीं सर्चिंग के लिए जवानों को रवाना किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, भेज्जी कैंप में वितरण के लिए घरेलू गैस सिलेंडर एक पिकअप में लेकर ड्राइवर रवि और हेल्पर अजय कोंटा से निकले थे। अभी वे गोरखा और कोताचेरु के पास पहुंचे थे कि नक्सलियों ने घेरकर पिकअप रुकवा ली।

इसके बाद दोनों को नीचे उतारा और मारपीट शुरू कर दी। नक्सलियों ने उनके मोबाइल भी छीन लिए। साथ ही धमकी दी कि दोबारा जवानों को सिलेंडर सप्लाई नहीं करोगे। इसके बाद दोनों को भगाकर पिकअप लेकर भाग निकले।पिकअप में 48 भरे और 12 खाली सिलेंडर थे।

सुकमा SP सुनील शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फोर्स को रवाना किया गया। नक्सली अभी तक गरीबों का राशन लूट रहे थे और अब गैस सिलेंडर लूट कर ले गए। नक्सलवाद अब लूटवाद बन गया है। उन्होंने कहा कि टीम को भेजा गया है। जल्द ही वाहन को ढूंढ निकालेंगे। फिलहाल ड्राइवर और हेल्पर की हालत ठीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *