उत्तरप्रदेश में भाजपा महँगाई-बेरोज़गारी जैसे मुद्दों को छोड़ सिर्फ लोगों में टेरर पैदा करने की बात कर रही है – अमरजीत भगत, कैबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़

उत्तरप्रदेश:छत्तीसगढ़ सरकार में खाद्य नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री कांग्रेस के आदिवासी नेता अमरजीत भगत सोनभद्र के दुग्धी में भाजपा पर जमकर बरसे। उन्होंने उत्तरप्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वो मतदाताओं में डर और टेरर पैदा करने वाली बात कर रही है।
मंत्री अमरजीत भगत ने कहा, “वे महँगाई और बेरोज़गारी को दूर करने की बात नहीं कर रहे हैं। लोगों के हितों की बात करना छोड़कर सिर्फ सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने और लोगों को डराने वाली बातें कर रहे हैं”।


कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत को सोनभद्र का स्टार प्रचारक बनाया गया है। जिले के दुग्धी में आयोजित सभा में कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती बसंती पनिका के लिए चुनाव प्रचार कर रहे थे। यहाँ उन्होंने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार द्वारा किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए लाई गई योजनाओं के बारे में बताया।

साथ ही उन्होंने श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा का उल्लेख करते हुए कांग्रेस के घोषणा पत्र और भर्ती विधान के बारे में लोगों को बताया। उन्होंने भाजपा के जनविरोधी नीतियों और साम्प्रदायिक तनाव बढ़ाने वाली बातों पर उनकी जमकर खिंचाई की।


इस सभा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए और मंत्री अमरजीत भगत के वक्तव्यों को सुना। मंत्री अमरजीत भगत के साथ इस सभा में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी व अन्य सदस्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *