दुर्ग:बीती रात पाटन क्षेत्र के अमलेश्वर इलाके में एक पत्रकार की पिटाई कर दी गई है। पत्रकार धीरेंद्र गिरी गोस्वामी पर जानलेवा हमला हुआ है। धीरेंद्र को रायपुरा जगन्नाथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसकी सूचना रायपुर के पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दी है।
फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। हमला करने वालों की पतासाजी में पुलिस जुट गई है। पत्रकारों ने सोशल मीडिया में यह भी लिखा है कि अमलेश्वर क्षेत्र के कुछ लोगो का आपस में विवाद हो रहा था। वहां बचाने के लिए पत्रकार धीरेंद्र पहुंचे। विवाद धीरेंद्र के साथ होने लगा और मारपीट हो गई।
वहां मौजूद लोगों ने पत्रकार धीरेंद्र पर जानलेवा हमला कर दिया। फेसबुक में फोटो पोस्ट करते हुए छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. वैभव बेमेतरिहा ने लिखा है कि,- पत्रकार साथी धीरेंद्र गिरी गोस्वामी अमलेश्वर में जानलेवा हमला, रायपुरा जगन्नाथ अस्पताल में भर्ती। पत्रकार पर हमला करने में भाजपा नेता का नाम सुनने में आ रहा है।
इसी प्रकार पत्रकार प्रफुल्ल ठाकुर ने भी फेसबुक में पोस्ट करते हुए लिखा है कि पत्रकार धीरेंद्र गोस्वामी पर जानलेवा हमला होने की जानकारी के साथ मदद के लिए भी अपील की।
पत्रकार धीरेंद्र गिरी पर प्राणघातक हमला हुआ है, लेकिन हालत अब स्थिर है। सर पर गंभीर चोट है। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। घटना दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र की है। यह क्षेत्र प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल का विधानसभा क्षेत्र है।
धीरेंद्र के एक दोस्त की आंख में गंभीर चोट आई है। उन्हें रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य मित्र के साथ भी मारपीट की गई है। उनकी सोने की चैन लूट ली गई है।
पत्रकार साथी एफआईआर कराने रातभर डटे रहे। तब कहीं जाकर सुबह 5.30 बजे एफआईआर दर्ज हो पाई है।
अमलेश्वर थाना प्रभारी गोपाल वैश्य ने बताया कि, वुडलैंड कॉलोनी में राव परिवार में पत्रकार धीरेंद्र गिरी गोस्वामी पहुंचे थे। राव परिवार में बच्चे को लेकर दो गुटों में विवाद हुआ। पत्रकार धीरेंद्र राव परिवार में पहुंचे थे। विवाद होते देख उन्होंने बीच-बचाव किया। लेकिन हमला करने वालों ने पत्रकार पर हमला कर दिया। धीरेंद्र को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।