बिलासपुर:तारबाहर थाना क्षेत्र के रेलवे कंस्ट्रक्शन कॉलोनी उर्दू स्कूल मैदान के पास शनिवार सुबह बोरी में बंद लाश मिलने की खबर से सनसनी फैल गई। तार बाहर उर्दू स्कूल मैदान के पास एक बोरी में किसी की लाश होने की खबर पुलिस को मिली थी। इस बीच यहां संभावित लाश होने की खबर से लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि एक बोरी में लाश जैसी कोई चीज नाले के किनारे फेंकी गई है ।बोरी में क्या है यह जानने की सभी में उत्सुकता थी। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम वहां मौके पर पहुंची जिसने भी बोरी में संभावित लाश के मद्देनजर हिम्मत जुटाकर बोरी को खोला तो फिर खोदा पहाड़ निकली चुहिया की कहावत सिद्ध हुई।

। उस बोरी में लाश तो थी लेकिन वह लाश किसी इंसान की नहीं बल्कि एक मरे हुए कुत्ते की थी। अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसी ने कुत्ता मर जाने पर उसकी लाश को बोरी में भरकर फेंक दिया गया था। इसमें नशेड़ी तत्वों का हाथ होने का अंदेशा जताया जा रहा है ।
बोरी में कुत्ते की लाश मिलने के बाद पुलिस ने भी राहत की सांस ली और मामले में अपराध पंजीबद्ध करने की बजाय कुत्ते की लाश को ठिकाने लगाने का प्रबंध किया।