चंडीगढ़: पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के 26 दिन बाद रिलीज हुआ गाना छह मिनट में ही हिट हो गया। दो घंटे में इस गाने को 22 लाख लोगों ने देखा, 14 लाख लोगों ने गाने को लाइक किया और दो लाख 52 हजार लोगों ने कमेंट किया।
नए गाने में सिद्धू मूसेवाला ने पंजाब के पानी और उससे जुड़े दूसरे विवादित मुद्दों का जिक्र किया है। सिद्धू के इस गाने के दौरान आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता का बयान चल रहा है, जिसमें वह 2024 में पंजाब की तरह हरियाणा में भी अपनी पार्टी की सरकार बनने पर हरियाणा को एसवाईएल का पानी दिलाने की बात कह रहे हैं। गाने में सिद्धू ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली कूच और लाल किले पर सिख समाज के प्रतीक निशान साहिब को लहराने की सराहना की है।
और भी गाने जल्द होंगे रिलीज
सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने बताया कि उनके बेटे के कई गाने रिलीज होने की स्टेज पर हैं। सिद्धू ने कई और गाने भी लिखे हैं। इन सभी गानों को एक-एक करके रिलीज किया जाएगा। सिद्धू मूसेवाला की अरदास के दौरान उनके पिता बलकौर सिंह ने कहा था कि वह वादा करते हैं कि अगले 5-7 साल अपने बेटे को गानों के जरिये सबके बीच जिंदा रखेंगे।