- विभाग की सांठगांठ से अनेक सड़कों पर लगा चुका है चूना
- सब इंजीनियर से कार्यपालन अभियंता तक अधिकारी इसी जिले में रह दे रहे भ्रष्टाचार को अंजाम
- संभावित वीवीआईपी के दौरे से मचा हड़कंप
मुंगेली। मुंगेली विकासखंड अंतर्गत बांकी गांव तक लगभग ढाई किलोमीटर लंबी सड़क के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है मगर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों अथवा विपक्ष चुप्पी साधे रहे।प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस सड़क निर्माण के लिए 67 लाख 51 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन सड़क बनने के महज पखवाड़ेभर में ही उसकी हालत जर्जर होने लगी है। जगह-जगह सड़क की परत उखड़ रही है और मटेरियल बाहर निकलने लगा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बांकी गांव के ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान ही सड़क में इस्तेमाल हो रहे घटिया मटेरियल को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई थी, लेकिन ठेकेदार ने उनकी बातों को अनसुना कर दिया।
बता दें ठेकेदार मेकडम मेकर्स इन्फ्रास्ट्रक्चर ने अपने गुर्गों के माध्यम से रात के अंधेरे में काम अंजाम दिया, ताकि किसी तरह की निगरानी न हो सके। अब नई सड़क की यह हालत देखकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
सड़क उखड़ने से दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बढ़ गया है। आए दिन हादसे की आशंका बनी हुई है। गांव के लोगों ने घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार और लापरवाही बरतने वाले विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजना के तहत बने इस मार्ग की स्थिति ने विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई और गुणवत्ता की कोई जांच नहीं की गई। सड़क की ऊपरी परत जगह-जगह से उखड़ रही है, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई है।
इस पूरे मामले में बीजेपी नेता शिवप्रताप सिंह ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि बांकी गांव के लगभग 90 प्रतिशत लोग बीजेपी को वोट देते हैं, इसके बावजूद अगर सड़क निर्माण में इस तरह की लापरवाही हो रही है तो अन्य गांवों की स्थिति और भी चिंताजनक हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया है कि विभागीय अफसर और ठेकेदार कमीशनखोरी के चक्कर में सरकार को बदनाम करने में लगे हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रतिष्ठित परिवार में शोक के कारण प्रतिदिन वीवीआईपी लोगों का हो रहा है आगमन
मालूम हो ग्राम बांकी के मालगुजार प्रेम सिंह बाघेल के निधन के बाद वर्तमान में उनके निवास शोक संवेदना व्यक्त करने वीवीआईपी लोगों का जाना हो रहा है ऐसे में हाल में निर्माण सड़क पुनर्निर्माण की दुर्गति से आवागमन में परेशानी के साथ ही राज्य सरकार के जिम्मेदार असहज महसूस कर रहे हैं। संभावित केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित मंत्रिमंडल के तमाम मंत्रीगण विधायकों एवं अन्य वीवीआईपी के दौरे के बावजूद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का यह पुनर्निर्माण कार्य से जमकर किरकिरी हो रही है।