खपरगंज में देर रात दोनों पक्षों में विवाद के बाद तनाव, भारी पुलिस बल ने संभाली स्थिति; कोतवाली क्षेत्र में धारा 144 लागू, 70-75 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
बिलासपुर। खपरगंज क्षेत्र में बीती रात शुरू हुआ आपसी व्यक्तिगत विवाद देखते ही देखते तनावपूर्ण स्थिति में बदल गया। विवाद को दो समुदायों के बीच माहौल खराब करने की कोशिश के रूप में पेश किए जाने के बाद दोनों पक्षों की ओर से पथराव और हिंसक वारदातों की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाला और देर रात पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह एवं कलेक्टर संजय अग्रवाल की मौजूदगी में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से हालात को और बिगड़ने से रोक लिया गया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर खपरगंज सहित कोतवाली क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है। पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
-दोनों पक्षों पर कार्रवाई, 70-75 लोगों के विरुद्ध मामला
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 70-75 लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है और उपद्रव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
-चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल, अधिकारियों ने किया पैदल मार्च
घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खपरगंज, गोल बाजार और आसपास के संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
-एसपी की अपील—अफवाहों से बचें, शांति बनाए रखें
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने शहर के सभी समुदायों और सामाजिक संगठनों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्तिगत विवाद को सामुदायिक रंग देने अथवा माहौल खराब करने की कोशिश से सभी को सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से बेवजह विवाद में उलझने से बचने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।
एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, उपद्रव करने या हिंसा फैलाने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-प्रशासन की नजर, स्थिति नियंत्रण में
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और अफवाह फैलाने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।