खपरगंज में दो पक्षों में विवाद के बाद पथराव, कई घायल

गोलबाजार,तेलीपारा, करोना चौंक सहित आसपास इलाका छावनी में तब्दील

पुलिस ने संभाला मोर्चा, इलाके में बढ़ाई सुरक्षा

बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में शुक्रवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पथराव की घटना से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि मारपीट और गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच पथराव होने लगा। घटना में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाला। अतिरिक्त पुलिस बल को भी मौके पर तैनात किया गया। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ाते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया और इलाके में स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर विवाद की वजह और पथराव में शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *