एसडीओपी आशीष अरोरा ने फास्टरपुर थाना का किया निरीक्षण

  • IG रामगोपाल गर्ग व SSP भोजराम पटेल के मार्गदर्शन पर थाने का निरीक्षण उपरांत दिए आवश्यक निर्देश

मुंगेली। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की दिशा निर्देशन में मुंगेली एसडीओपी आशीष अरोरा ने फास्टरपुर थाना का निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली, लंबित शिकायतों, अभिलेखों के संधारण एवं अपराध नियंत्रण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसडीओपी श्री आशीष अरोरा ने थाना में संधारित विभिन्न महत्वपूर्ण रजिस्टरों एवं अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान बोडल शिकायत, शस्त्र लाइसेंस, समंस/वारंट रजिस्टर, अपराध एवं जरायम रजिस्टर, ग्राम अपराध पुस्तिका, हिस्ट्रीशीट रजिस्टर तथा गुंडा-बदमाश निगरानी रजिस्टर सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने और प्रत्येक प्रविष्टि को व्यवस्थित ढंग से दर्ज करने के निर्देश दिए।

-अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय निगरानी के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसडीओपी श्री अरोरा ने अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस स्टाफ को क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने निगरानी सूची में शामिल व्यक्तियों की गतिविधियों पर नियमानुसार नजर रखने, पुराने एवं लंबित मामलों की समीक्षा करने तथा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही समंस एवं वारंटों की तामीली में प्रभावी कार्रवाई करने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए।

-शिकायतों के त्वरित निराकरण और रिकॉर्ड संधारण पर जोर

एसडीओपी ने थाना में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनका नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को आमजन से संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करने तथा शिकायतों पर की गई कार्रवाई का उचित रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना के अभिलेख व्यवस्थित और अद्यतन रहने से पुलिस कार्यवाही को प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।

-मालखाने का भी किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान एसडीओपी ने थाना परिसर स्थित मालखाने का भी जायजा लिया। उन्होंने वहां रखी सामग्री, उसके रखरखाव एवं अभिलेखों की जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाना परिसर की व्यवस्थाओं और रिकॉर्ड के उचित रखरखाव को लेकर भी उन्होंने पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निरीक्षक खुबीर चन्द्र दास, प्रभारी/मोहर्रिर सुभाष भगत सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा। एसडीओपी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपराधों की रोकथाम, लंबित मामलों के निराकरण, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण तथा थाना की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाए रखने के लिए सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *