रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब में सदस्यता विवाद को लेकर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि सदस्यता नहीं मिलने से नाराज पलाश तिवारी ने शनिवार शाम प्रेस क्लब पहुंचकर पदाधिकारियों से बदसलूकी की और कोषाध्यक्ष दिनेश यदु व कार्यालय सचिव शिव दत्ता पर पिस्टल तान दी। इसके बाद उसने कथित तौर पर हवाई फायरिंग की। घटना के बाद शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, प्रेस क्लब की सदस्यता नहीं मिलने से पलाश तिवारी नाराज था। शनिवार को वह प्रेस क्लब पहुंचा और कुछ पदाधिकारियों के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उसने कथित तौर पर कोषाध्यक्ष दिनेश यदु तथा कार्यालय सचिव शिव दत्ता पर पिस्टल तान दी। आरोप है कि शाम करीब 5 बजे उसने पिस्टल से हवाई फायरिंग की, जिससे परिसर में मौजूद सदस्यों के बीच दहशत का माहौल बन गया।
घटना के संबंध में पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि 24 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग की जानकारी सदस्यों से मिली थी। शिकायत के अनुसार, इस घटना से प्रेस क्लब की शांति भंग हुई और परिसर में भय का वातावरण निर्मित हुआ। शिकायत में पलाश तिवारी पर पिस्टल से हवाई फायरिंग करने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।