ASP प्रतिभा तिवारी बनीं 2री वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की कमांडेंट, सकरी में संभाला पदभार

  • गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ स्वागत
  • पहली बैठक में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जवानों के कल्याण को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) की 2री वाहिनी, सकरी (बिलासपुर) को नई कमान मिल गई है। महासमुंद जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के रूप में पदस्थ रहीं प्रतिभा तिवारी ने बुधवार को 2री वाहिनी छसबल, सकरी में सेनानी (कमांडेंट) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने उनका आत्मीय स्वागत किया तथा गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया।

बिलासपुर जिले के सकरी में नई जिम्मेदारी संभालने से पहले प्रतिभा तिवारी महासमुंद और मुंगेली जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। महासमुंद में उनके कार्यकाल को प्रभावी पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सराहा गया।

पदभार ग्रहण करने के बाद सेनानी प्रतिभा तिवारी ने वाहिनी के अधिकारियों की पहली बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाहिनी में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जवानों का कल्याण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 2री वाहिनी राज्य की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती रहेगी।

प्रतिभा तिवारी के सेनानी पद पर पदभार ग्रहण करने पर पुलिस महकमे के अधिकारियों, सहयोगियों तथा गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं प्रभावी कार्यकाल की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *