IG रतनलाल डांगी ने कराया गाय का प्रसव, कहा- परिवार में नन्ही ‘लक्ष्मी’ का स्वागत

बिलासपुर। संभाग के IG रतनलाल डांगी के घर दिवाली की रात लक्ष्मी का आगमन हुआ है। यह लक्ष्मी एक गाय का बछड़ा है। उस गाय की डिलीवरी खुद IPS अफसर डांगी ने कराई है। इसके बाद उन्होंने उसकी फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की। साथ ही लिखा कि परिवार में नन्ही ‘लक्ष्मी’ का स्वागत है।

दरअसल, IG रतनलाल डांगी सोशल होने के साथ ही ग्रामीण परिवेश के जमीन से जुड़े व्यक्ति हैं। उन्होंने घर में गाय पाल रखी है। दिवाली की पूजा के दौरान स्टाफ ने आकर बताया कि गाय को प्रसव पीड़ा हो रही है। इस पर वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि बछड़े के दो पैर बाहर आ चुके थे और गाय परेशानी में तड़प रही थी।

सीनियर IPS अफसर डांगी कहते हैं कि गाय की देखभाल के लिए कर्मचारी है, लेकिन दिवाली के चलते वह छुट्‌टी पर चला गया था। स्टाफ ने देखा, लेकिन वह गाय की डिलीवरी करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा थ। ऐसे में उन्होंने ही गाय की डिलीवरी कराना तय किया। इसके बाद गाय ने स्वस्थ बछड़े को जन्म दिया है।

ट्वीट कर दी जानकारी, लिखा- किसान आज भी जिंदा है

गाय ने स्वस्थ बछड़े को जन्म दिया है। इसके बाद IG रतन लाल डांगी ने उसकी फोटो भी ट्वीट की है। उन्होंने लिखा- परिवार में नन्ही ‘लक्ष्मी’ का स्वागत। जब गाय की देखभाल करने वाले की अनुपस्थिति में देर रात आपको ही गाय का प्रसव कराना पड़े, अनुभव हमेशा काम आता है ।

कोरोना काल में सिखाया था योग, चलती ट्रेन में की युवतियों की मदद

बिलासपुर रेंज के IG रतनलाल डांगी अक्सर अपने काम के चलते सुर्खियों में रहते हैं। कोरोना काल में संक्रमण के रोकथाम और योग व व्यायाम के जरिए पॉजिटिविटी लाने के लिए उन्हें वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन ने सर्टिफिकेट ऑफ कमिटमेंट से सम्मानित किया था। वहीं करीब 17 दिन पहले मुंबई-हावड़ा ट्रेन में सफर कर रहीं युवतियों के ट्वीट् पर परेशान कर रहे मनचलों से बचाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *