बिलासपुर। नेपाल के पोखरा शहर में 14 से 17 जून 2026 तक आयोजित प्रथम इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी होनहार खिलाड़ी राजवीर शर्मा (शुभ) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है।
एलसीआईटी पब्लिक स्कूल की कक्षा 5वीं के छात्र एवं इंदु इमैजिका हाईकोर्ट निवासी राजवीर शर्मा ने जूनियर बालक वर्ग में भाग लेते हुए बांग्लादेश और नेपाल के खिलाड़ियों को पराजित कर इंटरनेशनल गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से भारत, छत्तीसगढ़ और बिलासपुर का गौरव बढ़ा है।
राजवीर शर्मा ने कम उम्र में इंटरनेशनल गोल्ड मेडल जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी इस सफलता पर परिवार एवं शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। दादी निर्मला पुरुषोत्तम शर्मा, पिता यत्नदीप शर्मा, माता भानुप्रिया शर्मा, बड़े पापा अरविंद शर्मा, बड़ी मम्मी आरती शर्मा, चाचा रोमहर्ष शर्मा, चाची कोमल शर्मा, दीदी आराध्या शर्मा, बहन स्तुति शर्मा, भाई आर्यवन शर्मा एवं अक्षत शर्मा सहित उनके कोच रिमझिम गुप्ता ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
उल्लेखनीय है कि राजवीर शर्मा इससे पहले सितंबर 2025 में आयोजित स्टेट लेवल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। इसके बाद दिसंबर 2025 में आयोजित ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप छत्तीसगढ़ में भी उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
स्टेट, नेशनल और अब इंटरनेशनल स्तर पर गोल्ड मेडल जीतकर राजवीर शर्मा ने कम उम्र में ही ताइक्वांडो जगत में अपनी विशेष पहचान बना ली है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।