सुरेठा धान उपार्जन केंद्र में सामने आया गड़बड़ी का मामला भाजपा ने सौपा एसडीएम को ज्ञापन-वीडियो

मुंगेली :जिले के लोरमी तहसील अंतर्गत धान उपार्जन केंद्रों में गड़बड़ी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। खुड़िया और वेंकट नवागांव के बाद ताजा मामला सुरेठा धान उपार्जन केंद्र का सामने आया है, जहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने खरीदी के दौरान खुलेआम अनियमितता का आरोप लगाते हुए लोरमी एसडीएम को जांच की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है।

बीजेपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सेवा सहकारी समिति सुरेठा में वर्ष 2021-22 में धान पंजीयन एवं समर्थन मूल्य की धान खरीदी में भारी अनियमितता की गई है।समिति में जिन किसानों का कम रकबा है, उसको मनमाने तरीके से बढ़ाकर छलपूर्वक अधिक भूमि रकबा का पंजीयन किया गया है।इसके अलावा सहकारी समिति में अन्य गांव की शासकीय भूमि समेत मंदिर की भूमि का फर्जी किसानों के नामपर पंजीयन दर्शाकर धान बेचा गया है।

इसके साथ ही इस समिति के क्षेत्र से बाहर के गांव के जमीन का फर्जी तरीके से पंजीयन कर शासन को भारी क्षति पहुंचाते हुए बिचौलिया एवं खरीदी में जुटे अधिकारी-कर्मचारियों ने लाभ कमाया है।

ज्ञापन में सेवा सहकारी समिति सुरेठा के सभी पंजीकृत किसानों का पंजीयन रकबा और पंजीकृत किसानों के वास्तविक रकबा की जांच के लिए टीम गठित कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं आरोप यह भी है कि सेवा सहकारी समिति सुरेठा अंतर्गत 2021-22 में धान खरीदी में संलिप्त धान खरीदी प्रभारी, पटवारी, कंप्यूटर ऑपरेटर, ग्राम सेवक एवं संबंधित अन्य दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

जल्द जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है ।

भाजपा नेता विश्वास दुबे ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी जमीन का भी किसानों के नाम पर फर्जी पंजीयन कर दिया गया है, साथ ही कई किसानों के कम रकबा को बढ़ाया गया है. जिनके नाम से करोड़ो रुपए का धान बेचा गया है. इस मामले में लोरमी एसडीएम मेनका प्रधान ने जल्द ही जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *