बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मदर्स डे पर दिया संस्कारों का संदेश
बिलासपुर : प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ओम शांति सरोवर, उसलापुर में आयोजित 10 दिवसीय “बाल व्यक्तित्व विकास शिविर” का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं परमात्मा स्मृति से किया गया। इस अवसर पर सेवाकेन्द्र की निर्देशिका बीके छाया दीदी, ताइक्वांडो कोच गणेश सागर, डांस टीचर श्रीमती शानू भट्ट तथा जेल अधीक्षक श्रीमती निधि मंडावी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए बीके छाया दीदी ने मदर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां बच्चों की प्रथम गुरु होती है और उनके संस्कारों से ही बच्चों के भविष्य का निर्माण होता है। उन्होंने लौकिक मां, परमात्मा मां, धरती मां, ड्रामा मां और ब्रह्मा मां के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मातृत्व को दया, करुणा और प्रेम का प्रतीक बताया।

समापन समारोह में बच्चों ने ताइक्वांडो, सूर्यनमस्कार, नृत्य, गीत एवं नाटक की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। शिवानी, गुंजन, शमिष्ठा, भावना, शिवम, प्रतीक, अनुज, सक्षम, श्रेष्ठ, अभिरूप और अनिकेत ने ताइक्वांडो प्रदर्शन किया। वहीं रिद्धि ने श्रीरामचंद्र स्तुति तथा आरना ने मदर्स डे पर प्रेरणादायक वक्तव्य प्रस्तुत किया। बच्चों द्वारा वंदेमातरम् सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान कुर्सी दौड़, बलून दौड़, बिस्किट दौड़, चम्मच दौड़ एवं जोड़ी दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। अंत में सभी बच्चों को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।