इंफाल: मणिपुर में विधानसभा चुनाव के पहले शनिवार को बम धमाका हु। इसमें दो व्यक्तियों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। यह घटना मणिपुर के चूरचंदपुर जिले में हुई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह धमाका बीएसएफ ट्रेनिंग सेंटर के निकट एक पुराने मोर्टार में विस्फोट के कारण हुआ है।पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस धमाके का किसी उग्रवादी गुट या अराजक तत्वों से कोई संबंध नहीं दिखता है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि कुछ ग्रामीण पुराने मोर्टार को तोड़कर कबाड़ इकट्ठा करने की कोशिश कर रहे थे।यह मोर्टार बीएसएफ ट्रेनिंग सेंटर की फायरिंग रेंज से उन्होंने इकट्ठा किया था. लेकिन ग्रामीणों को इस बात का अहसास नहीं था कि यह मोर्टार उनके लिए जानलेवा साबित हो सकता है. ऐसे में उस पर वार करते हुए यह जोरदार आवाज के साथ फट गया। इसमें दो ग्रामीणों की मौत हो गई और आधा दर्जन के करीब घायलों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अस्पताल में घायलों का हालचाल लेने उनके परिजन भी पहुंचे, उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
मणिपुर में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होना है, इसमें पहले चरण का मतदान 28 फरवरी को होगा, तब पांच जिलों की 38 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। बाकी सीटों पर चुनाव तीन मार्च को होना है मणिपुर विधानसभा चुनाव की तारीखों में चुनाव आयोग ने बदलाव किया था. मणिपुर में पहले चरण के चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है।