कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा में महुआ तिहार में बकरा-भात की दावत खाकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग बीमार हैं। 4 साल के एक बच्चे की हालत गंभीर है। इनमें से 22 लोगों को तीन अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है। मामला पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र का है। सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावितों के उपचार के लिए पहुंची है।
जानकारी के मुताबिक, पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र के ग्राम पंचायत आमाटिकरा निवासी गुलाब मरकाम के घर बीते दिन महुआ तिहार मनाया गया था। इसमें आसपास के करीब आधा दर्जन गांव के लोग आमंत्रित थे। बकरा-भात खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। कई लोगों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए। इस दौरान आनन-फानन में कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पोड़ी उप स्वास्थ्य केंद्र, जटगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और कटघोरा उप स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान कोरबा के ही बेतलो गांव के 22 साल के एक युवक की मौत हो गई। वहीं कटघोरा उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती 4 साल के बच्चे मिथलेश की हालत गंभीर बनी हुई है।