अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर चेतना वरिष्ठ महिला संघ का सम्मान

  • वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर, नई पीढ़ी को उनके अनुभवों से सीख लेने की जरूरत

मुंगेली। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों का शाल एवं श्रीफल से सम्मान कर उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की।

समारोह में चेतना वरिष्ठ महिला संघ को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। संघ की पदाधिकारियों एवं सदस्यों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर संघ की अध्यक्ष श्रीमती उमा शर्मा ने स्वरचित गीत प्रस्तुत कर युवा पीढ़ी को वरिष्ठजनों के अनुभवों का सम्मान करने और उनसे सीख लेने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी भी ली गई।

-वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज की महत्वपूर्ण कड़ी : विधायक मोहले

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पुन्नूलाल मोहले ने वरिष्ठ नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे परिवार और समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके जीवन का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जा रही है।

-वरिष्ठजनों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित न रहे : उमा शर्मा

चेतना वरिष्ठ महिला संघ की अध्यक्ष श्रीमती उमा शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना सदैव बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों ने अपने जीवन में अनेक परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना किया है और उनके पास अनुभव का अमूल्य खजाना है। वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज में गुरु के समान होते हैं। नई पीढ़ी को उनके अनुभवों से सीख लेकर समाज एवं देश के विकास में योगदान देना चाहिए।

-योजनाओं का लाभ पात्र वरिष्ठ नागरिकों तक सहजता से पहुंचाएं : कलेक्टर

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि शासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के हित में अनेक योजनाएं एवं सुविधाएं संचालित की जा रही हैं। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि पात्र वरिष्ठ नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर और सहज रूप से मिले। उन्होंने कहा कि केवल योजनाओं का संचालन पर्याप्त नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित करना भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वरिष्ठजनों को शासन की योजनाओं की सरल एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए।

-चेतना वरिष्ठ महिला संघ की सदस्य रहीं उपस्थित

सम्मान समारोह में चेतना वरिष्ठ महिला संघ की ओर से अध्यक्ष श्रीमती उमा शर्मा, सचिव श्रीमती मंजू सोलंकी, कोषाध्यक्ष श्रीमती प्रमिला चौरसिया सहित उमा तिंवर, दुर्गा सोनी, प्रमिला गुप्ता, रेवती तम्बोली, करुणा पौराणिक, शिवकुमारी केशरवानी, अलका गुप्ता, रीता सिन्हा एवं साधना वर्मा उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *