गांजा, जुआ-सट्टा और चिटफंड के प्रकरणों पर करें तत्काल करवाई
रायपुर। प्रदेश के नए DGP अशोक जुनेजा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिले के पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में डीजीपी ने चिटफंड प्रकरणों, राजनैतिक एवं आदिवासियों से संबंधित प्रकरणों की वापसी, गांजा एवं शराब की अवैध तस्करी, जुआ-सट्टा समेत कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की और दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि चिटफंड के प्रकरणों पर तेजी से कार्य करें। इसके साथ ही राजनैतिक एवं आदिवासियों से प्रकरणों की वापसी पर गंभीरता से निराकरण के निर्देश दिए।
डीजीपी ने कहा कि गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के साथ राज्य में होने वाली खपत पर भी विशेष नजर रखें। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि मैं स्वयं प्रत्येक 10 दिन में मामलों की समीक्षा करूंगा।
अफसरों को दो टूक-क्राइम का डेटाबेस अपडेट रखें
DGP अशोक जुनेजा ने कहा कि क्राइम का डेटाबेस सदैव अपडेट रखें। घटित अपराधों, उन पर हुई कार्रवाई एवं लंबित प्रकरणों की अद्यतन जानकारी हमेशा अपडेट रखें इससे अपराध कम करने में सहायता मिलती है। सभी रेंज आईजी और पुलिस अधीक्षक अपने स्तर पर लंबित मामलों की लगातार समीक्षा करें और उनका निराकरण करें।
अपने अपने जिलों के हॉट स्पॉट पर रखें विशेष ध्यान
पुलिस महानिदेशक ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि अपने जिले के हॉट स्पॉट पर विशेष ध्यान दें। शहर के ऐसे स्थान जहां पर अपराध ज्यादा घटित होते हैं या ज्यादा संभावनायें हैं ऐसी जगहों पर विशेष सतर्कता बरतें। इसके साथ ही ऐसे स्थानों को चिह्नित कर वहां प्रतिदिन शाम को पुलिस की मौजूदगी दिखनी चाहिए। सभी पुलिस अधीक्षक अपने जिलों के थानों का नियमित निरीक्षण करें। थानों में आम नागरिकों के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। सभी पुलिस अधीक्षक अपने कार्यालय में पर्याप्त समय दें और नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण करें।
किसी भी कीमत पर ना हो सांप्रदायिक घटनाएं
जुनेजा ने कहा कि छत्तीसगढ़ शांति प्रिय राज्य है यहां सांप्रदायिक घटनाएं किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिये। असामाजिक तत्वों की लिस्ट बनाकर रखें जो भी ऐसी घटनाओं में संलिप्त पाए जाए उन पर सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि अपराधियों के संरक्षण और भ्रष्टाचार की शिकायतों पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि वर्ष के अंत में आंकड़े कम करना उद्देश्य नहीं होना चाहिए बल्कि प्रकरणों को शीघ्रता से निराकरण कर लोगों को न्याय दिलाएं।
महिला एवं बाल अपराधों पर तत्काल कार्रवाई करें
डीजीपी ने महिला विरूद्ध अपराधों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों पर तत्काल कार्रवाई करें। इसके साथ ही धर्मांतरण से जुड़े मुद्दे, सांप्रदायिक घटनाओं, भूमि विवाद जैसे संवेदनशील मामलों पर विशेष सतर्कता के साथ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
10 दिनों में पीएचक्यू भेजें पुलिसकर्मियों के वीकली ऑफ की रिपोर्ट
उन्होंने आईजी एसपी से कहा कि जिला स्तर पर पुलिसकर्मियों की समस्याओं का निराकरण करें। पुलिसकर्मियों को मिलने वाले वीकली ऑफ पर सभी जिलों को अगले 10 दिन में रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। बैठक में हिमांशु गुप्ता, आईजी डॉ आनंद छावड़ा,आईजी एससी द्विवेदी, एआईजी एमएल कोटवानी, एआईजी मनीष शर्मा उपस्थित रहे।
