धमतरी। थाना अर्जुनी क्षेत्र के ग्राम भोयना स्थित अन्नपूर्णा ढाबा के पास सोमवार रात हुए तिहरे हत्याकांड का धमतरी पुलिस ने महज कुछ घंटों में खुलासा कर दिया। मामूली विवाद में चाकू से हमला कर तीन युवकों की हत्या करने वाले 8 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 3 विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं।
घटना विवरण
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2025 की रात करीब 11:20 बजे ग्राम भोयना के अन्नपूर्णा ढाबा के पास मृतक आलोक सिंह ठाकुर, नितीन टांडी और सुरेश हियाल अपने साथियों के साथ पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद 8 आरोपियों ने गाली-गलौज और हाथापाई की। इसी दौरान मुख्य आरोपी गोपी दीवान ने चाकू से तीनों पर प्राणघातक वार कर उनकी हत्या कर दी।
गिरफ्तार आरोपी
- गोपी दीवान (20), ग्राम मथुराडीह – मुख्य आरोपी
- कुलेश्वर नेताम (25), ग्राम कोर्रा
- रणवीर कुमार साहू (20), ग्राम ईर्रा
- कमलेश ध्रुव (19), आमापारा, धमतरी
- गौतम दीवान (22), ग्राम मथुराडीह
इसके अलावा तीन विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल थे।
पुलिस कार्रवाई
एसपी धमतरी के निर्देशन में पुलिस टीमों ने सघन तलाशी अभियान चलाकर सभी आरोपियों को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। थाना अर्जुनी में बीएनएस की गंभीर धाराओं 103(1), 190, 191(1)(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।