अंबिकापुर/जशुपुर: छत्तीसगढ़ में भाजपा के पूर्व सांसद और अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदकुमार साय की तस्वीर के साथ सोशल मीडिया में चल रहे एक पोस्ट ने भाजपा के अंदर एक बार फिर सियासी बवाल मचा हुआ है।
दरअसल, भाजपा के पूर्व सांसद नंदकुमार साय की फोटो के साथ सोशल मीडिया में एक पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें उनके हवाले से लिखा गया है कि अगर 2023 में छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी तो वे राजनीति छोड़ देंगे। वह बहुत जल्द भाजपा छोड़ने वाले है, क्योंकि भाजपा परदेशिया बाहुल्य लोगों की पार्टी है।
आगे लिखा गया है कि इस पार्टी ने उनके साथ तो अन्याय किया ही किया। उनके साथ के लोगों को भी संवैधानिक हक व अधिकार से दूर रखा है। साय के नाम से इस वायरल पोस्ट ने प्रदेश की राजनीतिक में खलबली मचा दी है।
यह पोस्ट फर्जी
इधर नंदकुमार साय ने कहा कि जिसने भी उनके फोटो के साथ इस कथन को पोस्ट किया है, वह उसके खुद से गढ़ी हुई बातें हैं। उनके द्वारा न तो ऐसा किसी मीडिया को बयान दिया गया है और न कि सोशल मीडिया में उनके द्वारा कोई ऐसा पोस्ट किया है। साय ने बताया कि मामले की शिकायत जशपुर एसपी से कर जांच कराने की मांग की गई है।
0-भाजपा सरकार पर टिप्पणी के लिए रहे हैं चर्चित
बता दें कि पूर्व सांसद नंदकुमार साय प्रदेश के आदिवासी समाज का बड़ा चेहरा है। वे छत्तीसगढ़ में डेढ़ दशक तक सत्तासीन डॉ. रमन सरकार के कामकाज व भाजपा में वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा को लेकर भी कई बार बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं।
2003 और 2008 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में आदिवासी नेता को सीएम बनाने की मांग उठी थी, तब नंदकुमार साय चर्चा में रहे। अब इस वायरल पोस्ट के बाद नंदकुमार साय फिर चर्चा में हैं।