5 राज्यों के चुनाव में बीजेपी, कांग्रेस समेत 19 दलों ने कमाए 1100 करोड़ रुपए, स्टार प्रचारकों के लिए विज्ञापनों में सबसे ज्यादा खर्च

दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस सहित 19 राजनीतिक दलों ने साल 2021 में पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विधानसभा चुनावों के दौरान 1,100 करोड़ से अधिक रुपए हासिल किए थे। वहीं इन दलों ने चुनावों में करीब 500 करोड़ रुपए से अधिक खर्च भी किए हैं। इनमें से एक बड़ा हिस्सा स्टार प्रचारकों के लिए विज्ञापनों और यात्रा में खर्च हुआ। हाल ही में आई एक रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है।

रिपोर्ट के मुताबिक असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा को सबसे ज्यादा 611.69 करोड़ रुपए हासिल हुए थे। वहीं पार्टी ने चुनाव में 252 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और नेशनल इलेक्शन वॉच की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कुल मिलाकर, भाजपा ने मीडिया में विज्ञापन सहित प्रचार पर 85.26 करोड़ रुपए और स्टार प्रचारकों तथा अन्य नेताओं की यात्रा पर 61.73 करोड़ रुपए खर्च किए हैं।

वहीं अगर देश की सबसे पुरानी पार्टी यानि कांग्रेस की बात करें तो कांग्रेस को इन चुनावों के दौरान 193.77 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त हुई। वहीं पार्टी ने चुनाव प्रचार में 85.62 करोड़ रुपए खर्च किए। जानकारी के मुताबिक इसमें प्रचार पर 31.45 करोड़ रुपए खर्च हुए और यात्रा पर 20.40 रुपए खर्च हुए।

सबसे ज्यादा पैसे हासिल करने के मामले में तीसरे नंबर पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) रही। पार्टी को 134 करोड़ रुपए की रकम मिली। जबकि द्रमुक ने कुल 114.14 करोड़ रुपए खर्च किए। इसमें प्रचार पर 52.144 करोड़ रुपए और अपने स्टार प्रचारकों तथा अन्य नेताओं की यात्रा के लिए 2.41 करोड़ रुपए खर्च किए।

रिपोर्ट के मुताबिक अन्य पार्टियों जैसे मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को कुल 79.24 करोड़ रुपए, तृणमूल कांग्रेस को 56.32 करोड़ रुपए, अन्नाद्रमुक को 14.46 करोड़ और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) को 8.05 करोड़ रुपए हासिल हुए। जिनमें से काफी रकम चुनाव प्रचार में खर्च की गई।

रिपोर्ट की मानें तो असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के दौरान 2021 में 19 राजनीतिक दलों द्वारा धन 1,116.81 करोड़ रुपए एकत्र किया गया था। जबकि, चुनाव प्रचार में खर्च 514.30 करोड़ रुपए खर्च किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *