– आधुनिक राजस्व सेवाओं को मिलेगा नया आयाम
उत्तर बस्तर कांकेर। जिले के सरोना में ₹63.81 लाख की लागत से निर्मित नवीन तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण उप मुख्यमंत्री अरुण साव की उपस्थिति में संपन्न हुआ। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह नया भवन क्षेत्र के नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस भवन के शुरू होने से नामांतरण, सीमांकन, जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न राजस्व संबंधी कार्यों का संचालन अधिक व्यवस्थित एवं सुगमता से किया जा सकेगा।

लोकार्पण के पश्चात मुख्य अतिथि श्री साव सहित अन्य अतिथियों ने नवीन कार्यालय परिसर का अवलोकन कर वहां उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने परिसर में पौधरोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया । उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधरोपण अभियान में सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण एवं अंचल क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने और आम नागरिकों को बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार अधोसंरचना का विस्तार कर रही है। नवीन तहसील कार्यालय भवन से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी, कार्यों का समयबद्ध निष्पादन होगा तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इस गरिमामयी अवसर पर कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक, जिला पंचायत सीईओ हरेश मण्डावी, एसडीएम नरेन्द्र बंजारा, तहसीलदार पुष्पराज पात्र सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, तहसील परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन नागरिकों के प्रति बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने तथा विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ। नवीन तहसील कार्यालय भवन से सरोना एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक, प्रभावी और पारदर्शी तरीके से प्राप्त होंगी।