मुंगेली/लोरमी। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के विधानसभा क्षेत्र लोरमी में आधारभूत अधोसंरचना के विकास को नई गति मिल रही है। लोक निर्माण विभाग द्वारा क्षेत्र में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ₹56 करोड़ से अधिक की लागत वाले 7 सड़क निर्माण कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन सड़क परियोजनाओं के स्वीकृत होने से लोरमी विधानसभा क्षेत्र के अनेक ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद गांवों का आपसी संपर्क मजबूत होगा, लोगों की आवाजाही अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगी तथा किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
बेहतर सड़क नेटवर्क से कृषि उत्पादों का परिवहन आसान होगा, स्थानीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी पहले की अपेक्षा अधिक सरल होगी। इससे क्षेत्र के समग्र सामाजिक और आर्थिक विकास को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के माध्यम से स्वीकृत इन परियोजनाओं को शासन की ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने और प्रदेश के संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण कार्यों की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जाएगी, जिससे निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर जनता को बेहतर सड़क सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।
क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्यों की स्वीकृति का स्वागत करते हुए इसे लोरमी के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है। उनका मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।