कोरिया जिले में नंबर प्लेट की चोरी और फर्जी नंबर लगाकर वाहन चलाने का मामला सामने आया है। परिवहन विभाग ने नंबर के आधार पर चालानी कार्रवाई करते हुए नोटिस उस वाहन मालिक के पास भेज दिया, जिसका वाहन और नंबर पूरी तरह अलग है।
कोरिया जिले में वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर का दुरुपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, CG 16 CH 0819 नंबर एक बुलेट वाहन के वास्तविक मालिक बी ईश्वर राव के नाम पर पंजीकृत है। आरोप है कि किसी अन्य व्यक्ति ने इस नंबर को चोरी अथवा अनधिकृत तरीके से दूसरे वाहन में लगाकर उसका इस्तेमाल किया और यातायात नियमों का उल्लंघन किया।

नियम उल्लंघन के बाद परिवहन विभाग द्वारा नंबर के आधार पर चालान की कार्रवाई की गई और उसका नोटिस CG 16 CH 0819 नंबर के वास्तविक वाहन मालिक बी ईश्वर राव के पास पहुंच गया। इससे वास्तविक वाहन मालिक को बिना किसी गलती के परेशानी और हर्जाने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
मामले ने जिले में फर्जी अथवा चोरी के नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि कोई व्यक्ति दूसरे वाहन का नंबर लगाकर खुलेआम सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहा है, तो ऐसे मामलों की पहचान और रोकथाम की जिम्मेदारी परिवहन विभाग एवं पुलिस प्रशासन की है।
स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि एक वाहन का नंबर दूसरे वाहन में लगाकर लोग बेखौफ कैसे घूम रहे हैं और विभाग को इसकी भनक तक क्यों नहीं लग रही है? केवल नंबर के आधार पर ई-चालान भेजने की व्यवस्था में यदि वाहन की वास्तविक पहचान का मिलान नहीं किया जाता, तो निर्दोष वाहन मालिकों को इसी तरह गलत चालान का सामना करना पड़ सकता है।
मामले में आवश्यक है कि परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन चोरी अथवा फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चल रहे वाहनों की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे, साथ ही गलत तरीके से भेजे गए चालान की भी जांच कर वास्तविक वाहन मालिक को राहत दी जाए।
CG 16 CH 0819 के मामले ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि आखिर वाहन नंबर की चोरी और उसके दुरुपयोग पर जिम्मेदार विभागों का कितना नियंत्रण है?