गुवाहाटी। असम की खास किस्म की चाय ने नीलामी का नया रिकॉर्ड बनाया है। मनोहारी गोल्ड टी 99,999 रुपए प्रति किलोग्राम की रिकॉर्ड कीमत पर बिकी है।
गुवाहाटी चाय नीलामी केंद्र (GTAC) के सचिव प्रियनुज दत्ता ने कहा कि मनोहारी चाय बागान ने अपनी ‘मनोहारी गोल्ड’ किस्म का एक किलोग्राम सौरभ टी ट्रेडर्स को बेचा। यह देश में चाय की बिक्री और खरीद में अब तक की सबसे ऊंची नीलामी कीमत है।
मनोहरी टी एस्टेट के मालिक राजन लोहिया ने कहा, हम इस प्रकार की प्रीमियम क्वालिटी वाली स्पेशल चाय के लिए खास उपभोक्ताओं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों द्वारा मांग के आधार पर चाय का निर्माण करते हैं।
क्या है चाय की खासियत?
मनोहरी गोल्ड टी की खासियत यह है कि ये पत्तियों से नहीं बल्कि छोटी कलियों से तैयारी की जाती है, इसलिए इसकी कीमत ज्यादा है और स्वाद भी काफी अच्छा होता है।
ऑक्सीडेशन के कारण, इसकी प्रक्रिया के दौरान हरे रंग से भूरापन में रंग बदल जाता है और सूखने पर, कलियां सुनहरी हो जाती हैं और फिर उन्हें काले पत्तों से अलग किया जाता है। चमकीले पीले रंग की लीकर का स्वाद सुखद होता है और इसे कई हेल्थ बेनिफिट्स के लिए जाना जाता है।
एक महीने में ही टूट गया रिकॉर्ड
मनोहरी गोल्ड टी जुलाई 2019 में जीटीएसी नीलामी में 50,000 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिकी थी, जो उस समय की उच्चतम नीलामी कीमत थी। हालांकि, रिकॉर्ड एक महीने के भीतर टूट गया, जब अरुणाचल प्रदेश के डोनी पोलो टी एस्टेट द्वारा निर्मित ‘गोल्डन नेडल्स टी’ और असम के डिकॉन टी एस्टेट की ‘गोल्डन बटरफ्लाई टी’ अलग-अलग नीलामियों में 75,000 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिकी।
