मुंगेली। कटघोरा-मुंगेली-डोंगरगढ़ रेल लाइन निर्माण की विभिन्न बाधाओं को दूर कर पुनः स्वीकृति दिलाने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू के मुंगेली नगर आगमन पर प्रेस क्लब के पत्रकारों ने प्रेस क्लब चौक में उनका स्वागत किया। इस दौरान पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री तथा मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले और पूर्व सांसद लखनलाल साहू का भी स्वागत किया गया।
मुंगेली में रेल लाइन लाने की मांग को लेकर प्रेस क्लब के बैनर तले क्षेत्रवासियों ने लंबे समय तक संघर्ष और आंदोलन किया था। रेल लाइन की स्वीकृति को प्रेस क्लब ने क्षेत्रवासियों के संघर्ष की जीत बताते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
प्रेस क्लब के वरिष्ठ एवं संस्थापक सदस्य मनोज अग्रवाल ने कहा कि मुंगेली प्रेस क्लब सामाजिक सरोकारों और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार काम करता रहा है। जिला निर्माण आंदोलन से लेकर रेल लाइन की मांग, शांति व्यवस्था और सर्वदलीय मुद्दों तक प्रेस क्लब के बैनर तले आंदोलन किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मुंगेली में रेल लाइन की मांग का संघर्ष काफी पुराना है। पूर्व सांसद स्व. निरंजन केशरवानी ने बिलासपुर सांसद रहते हुए सबसे पहले लोकसभा में यह मांग उठाई थी। इसके बाद स्व. खेलनराम जांगड़े, जांजगीर सांसद रहते स्व. प्रभात मिश्रा, चार बार बिलासपुर सांसद रहे पुन्नूलाल मोहले सहित कई जनप्रतिनिधियों ने रेल लाइन की मांग को संसद में उठाया। स्व. दिलीप सिंह जूदेव ने भी मांग को आगे बढ़ाते हुए मुंगेली में रेल टिकट काउंटर खुलवाया था। सांसद लखनलाल साहू, अरुण साव, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय और दुर्ग सांसद सरोज पांडेय ने भी रेल लाइन की मांग संसद में उठाई।

प्रेस क्लब ने साइकिल यात्रा सहित विभिन्न आंदोलनों के माध्यम से रेल लाइन की मांग को फिर तेज किया। इसके बाद तत्कालीन सांसद लखनलाल साहू ने संसद में मांग उठाई और तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से रेल लाइन को स्वीकृति मिली थी। हालांकि जमीन अधिग्रहण और राज्यांश की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में करीब पांच वर्ष तक मामला आगे नहीं बढ़ सका।
वर्ष 2024 में तोखन साहू के बिलासपुर सांसद बनने और बाद में केंद्रीय राज्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने कटघोरा-मुंगेली-डोंगरगढ़ रेल लाइन की मांग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष रखी। लगातार प्रयासों तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा 50 प्रतिशत भागीदारी दिए जाने के बाद रेल लाइन को पुनः स्वीकृति मिली।
प्रेस क्लब ने इस उपलब्धि का श्रेय केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के प्रयासों के साथ-साथ रेल लाइन के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे क्षेत्रवासियों को दिया। स्वागत कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल सोनी, संस्थापक सदस्य मनोज अग्रवाल, संरक्षक शैलेन्द्र जायसवाल, प्रमोद पाठक, सुनील पाठक, प्रशांत शर्मा, राहुल पाठक, आशीष मिश्रा सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।