अनुच्छेद 370 हटने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पहला जम्मू दौरा

जम्मू:अनुच्छेद 370 हटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जम्मू-कश्मीर में पहली बार जनसभा करेंगे। इस दौरान पीएम केंद्र शासित प्रदेश को करीब 20 हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का तोहफा देंगे। इसके अलावा 38 हजार करोड़ के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारेंगे।

राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर प्रधानमंत्री सांबा जिला के पल्ली से देशभर के पंचायत प्रतिनिधियों को संदेश देंगे। कई मायनों में अहम प्रधानमंत्री के इस दौरे पर सबकी निगाहें टिक गई हैं। मोदी इस दौरान प्रदेश को कोई बड़ी सौगात दे सकते हैं।

पल्ली से ही प्रधानमंत्री अमृत सरोवर योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत देश के प्रत्येक जिले में 75 जल निकायों का कायाकल्प किया जाएगा। पीएम दौरे के मद्देनजर सभी तैयारियां हो गई हैं। जम्मू और सांबा समेत पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को चौक-चौबंद कर दिया गया है।

जम्मू-कश्मीर दौरे के दौरान प्रधानमंत्री दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस वे, दो जलविद्युत परियोजनाओं का शिलान्यास करने के साथ 38 हजार करोड़ रुपये से अधिक के औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन करेंगे।

इस दौरान देश-विदेश के कई निवेशक भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा काजीगुंड-बनिहाल सुरंग और 108 जनऔषधि केंद्रों का लोकार्पण भी किया जाएगा।

पल्ली पंचायत में जनसभा के बाद पीएम ग्रामसभा में भी शामिल होंगे। वह पल्ली में 500 किलो वाट का सोलर प्लांट भी समर्पित करेंगे।

इससे पल्ली देशभर में पहली कार्बन न्यूट्रल पंचायत हो जाएगी। भूमि स्वामित्व कार्ड का वितरण लाभार्थियों को किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को सुबह ग्यारह बजे सांबा की पल्ली पंचायत में पहुंचेंगे। जनसभा और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद वह पल्ली से ही मुंबई चले जाएंगे। वहां वह शाम पांच बजे मास्टर दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार समारोह में शामिल होंगे, जहां वे पहला मास्टर दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार हासिल करेंगे। यह पुरस्कार स्वर्गीय लता मंगेशकर की याद में है जिसमें प्रति वर्ष राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले सम्मानित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *