Breaking-नक्सलियों ने उखाड़ा रेलवे ट्रैक, लौह अयस्क लेकर विशाखापट्टनम जा रही थी मालगाड़ी डिरेल, किरंदुल-जगदलपुर रूट बंद

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में माओवादियों ने एक बार फिर किरंदुल- विशाखापट्टनम रेलवे मार्ग को अपना निशाना बनाया। देर रात माओवादियों ने झिरका के जंगल में ट्रैक को उखाड़ दिया, जिससे किरंदुल से लौह अयस्क लेकर विशाखापट्टनम जा रही मालगाड़ी के लगभग 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त होने और सिंगल लाइन होने की वजह से किरंदुल से जगदलपुर तक ट्रेन की आवाजाही बंद हो गई है। हालांकि जगदलपुर-विशाखापट्टनम मार्ग चालू है।

मालगाड़ी के 5 डिब्बे पटरी से उतरे

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात करीब 8.35 मिनट पर झिरका के जंगल में भांसी और कमालूर के बीच नक्सलियों ने मालगाड़ी डिरेल की है। बताया जा रहा है कि, मालगाड़ी के पहिए ट्रैक से उतरने के बाद वहां मौजूद दर्जनों माओवादियों ने इंजन में बैनर पोस्टर भी लगा दिए। सूचना मिलने पर जवान मौके पर पहुंचे हैं।

गढ़चिरौली की मुठभेड़ के विरोध में आज बंद का आह्वान

नक्सलियों ने गढ़चिरौली में हुई मुठभेड़ में मारे गए अपने 27 साथियों को श्रद्धांजलि दी है। वहीं इस मुठभेड़ के विरोध में छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और मध्य प्रदेश में 27 नवंबर को बंद का आह्वान किया है। कुछ दिन पहले भी नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी ने प्रेस नोट जारी कर बंद का आह्वान किया था। नक्सलियों के बंद को लेकर अब पुलिस भी अलर्ट हो गई है।

जगह-जगह पोस्टर भी चस्पा किए

इस घटना की सूचना मिलते ही भांसी थाना और DRG के जवान घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। रेलवे के कर्मचारी भी मौजूद है। बताया जा रहा है कि रात भर यहां मार्ग को बहाल करने के लिए और ट्रेन के पहिए को पटरी में लाने के लिए प्रयास किया गया है। फिलहाल नेटवर्क नहीं होने की वजह से ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *