रायपुर शहर में 24 घंटे में दूसरा मर्डर, अंडर कंस्ट्रक्शन साइट पर मिली लाश, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे में हत्या का दूसरा मामला सामने आया है। शहर के विधानसभा थाना इलाके में बरदीहा विहार के पास एक अंडर कंस्ट्रक्शन साइट पर पुलिस को एक युवक की लाश मिली। मृतक के सिर पर चोट और शरीर पर जख्म के निशान थे। लाश की हालत देखकर समझ आ रहा था कि मारपीट के बाद बेरहमी से कत्ल किया गया है। देर शाम तक पुलिस ने इस मामले में एक युवक अखिलेश कुमार साकेत को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि शुक्रवार शाम खमतराई थाने के भनपुरी शराब दुकान के पास मामूली विवाद पर युवक की धारदार हथियार से हत्या कर गई थी।

एएसपी सिटी तारकेश्वर पटेल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बरदीहा विहार के पास सरकारी प्रोजेक्ट के तहत प्रयास हॉस्टल बनाया जा रहा है। इसी साइट पर मूलत: फिंगेश्वर के रहने वाले टुकेश यादव की ड्यूटी लगी थी। टुकेश सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। घटना के वक्त टुकेश तब तीसरे माले पर ड्यूटी कर रहा था।

वारदात के बारे में विधानसभा पुलिस ने बताया कि टुकेश के साथ पहले मारपीट की गई, फिर सिर पर पहले भारी पत्थर से वार किया गया। बेसुध हालत में उसे इमारत से नीचे फेंका गया। सुबह जब साइट पर काम करने के लिए मजदूर आए तो इमारत के पिछले हिस्से में उन्होंने टुकेश की लाश देखी और पुलिस को खबर दी गई। जल्द ही इस हत्याकांड में और भी खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *