मुंगेली। मुंगेली जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित “ग्रीष्मकालीन शतरंज प्रशिक्षण शिविर 2026” का दूसरा दिन उत्साहपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण शिविर स्थानीय आगर हाई स्कूल, दाऊपारा में आयोजित किया जा रहा है।
शिविर के दूसरे दिन कुल 11 बच्चों ने भाग लेकर शतरंज की बारीकियों को सीखा। प्रशिक्षण के दौरान कोच एवं संघ के वरिष्ठ सदस्यों ने प्रतिभागियों को मोहरों की चाल, खेल के नियम तथा शुरुआती रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षकों ने बच्चों को एकाग्रता, धैर्य और रणनीतिक सोच विकसित करने के लिए नियमित अभ्यास का महत्व भी बताया। शिविर में बच्चों ने उत्साह के साथ प्रशिक्षण लिया और शतरंज के विभिन्न पहलुओं को समझने का प्रयास किया।
गौरतलब है कि यह प्रशिक्षण शिविर प्रतिदिन सुबह 07:30 बजे से 09:30 बजे तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।