सूरजपुर/ प्रेमनगर/ कोटेया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटेया में 26 नवंबर को संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा आयोजित कर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, निर्माण प्रक्रिया तथा संविधान सभा के प्रमुख सदस्यों के योगदान की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. भीमराव अम्बेडकर के छायाचित्र में धूप अगरबत्ती, तिलक व पुष्प अर्पित कर व प्राचार्य लीनू मिंज द्वारा भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) के सामूहिक वाचन के साथ किया गया। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने तथा संवैधानिक मूल्यों का पालन करने का संकल्प लिया।
संविधान दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पोस्टर निर्माण, चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से संविधान की विशेषताओं, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट रंगोली एवं पोस्टर निर्माण करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य लीनू मिंज ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। प्रत्येक नागरिक को संविधान के प्रति सम्मान रखते हुए अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
व्याख्याता कृष्ण कुमार ध्रुव ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान सभा की भूमिका तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संवैधानिक आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
व्याख्याता जमुना राम राजवाड़े एवं देवानंद भारद्वाज ने भी अपने उद्बोधन में संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को रेखांकित किया।
इस अवसर पर प्राचार्य लीनू मिंज, व्याख्याता मालिकराम भारद्वाज, कृष्ण कुमार ध्रुव, तुल सिंह कंवर, प्रदीप दास, जितेंद्र गबेल, विशाल साव, रवींद्र कंवर सहित विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता कृष्ण कुमार ध्रुव ने किया। अंत में विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि एक सशक्त, समतामूलक एवं न्यायपूर्ण भारत के निर्माण का मार्गदर्शक है।