मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कलेक्टरों को दो टूक , मंत्रालय के निर्णयों को धरातल पर पहुंचाए प्रशासन


कलेक्टर कांफ्रेंस के बाद सख्त तेवर से प्रशासनिक सर्जरी की भी सुगबुगाहट तेज

रायपुर,नरेंद्र लुनिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में गुरुवार को रायपुर के न्यू सर्किट हाउस ऑडिटोरियम में कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस शुरू हो गई है। इसमें कवर्धा में हुई साम्प्रदायिक हिंसा का मुद्दा छाया हुआ है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने शुरुआती संबोधन में ही कहा, विरोध प्रदर्शन से मुझे परहेज नहीं है। लेकिन, योजनाबद्ध रूप से माहौल बिगाड़ने की साजिश को सफल नहीं होने दिया जाना है। इसके लिए जिले का सूचना तंत्र विकसित करें।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला दंडाधिकारी (कलेक्टर) की है। जिला दंडाधिकारी को टीम लीडर के रूप में कार्य करना है। जिला दंडाधिकारी साप्ताहिक समीक्षा बैठक से पहले जिले पुलिस अधीक्षक, कार्यपालिक दंडाधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर लिया करें। इस बैठक में पिछले सप्ताह की स्थिति की समीक्षा की जाए और आने वाले सप्ताह में कानून-व्यवस्था की चुनौतियों का पूर्वानुमान लगाएं और रणनीतिक योजना बनाएं। उन्होंने कहा, लोगों के बीच शासन-प्रशासन की पैठ स्थापित होनी चाहिए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ग्रास रूट पर प्रशासन को पर अधिकतम ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय से लिए गए निर्णय को धरातल पर पहुंचाने का बीड़ा जिला प्रशासन पर है। इसकी समीक्षा आंकड़ों से नहीं, छत्तीसगढ़ के नागरिकों को इन योजनाओं से पहुंचे प्रत्यक्ष लाभ से प्रदर्शन का आंकलन करके की जाएगी।

Advertisement

राजधानी रायपुर के नए सर्किट हाउस में चल रही इस बैठक में राज्‍य के सभी 28 जिलों के कलेक्‍टरोंं के साथ मुख्‍य सचिव व मंत्रालय के वरिष्‍ठ अफसर मौजूद हैं। बैठक में राज्‍य सरकार की महत्‍वकांक्षी योजना के क्रियांवनय की विशेष रुप से समीक्षा होगी। साथ ही धान खरीदी की तैयारी भी मुख्‍यमंत्री कलेक्‍टरों से सवाल करेंगे। इस लिहाज से बैठक को बेहद महत्‍वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक शाम करीब पांच बजे तक चलने की उम्‍मीद है। चर्चा है कि खराब प्रदर्शन करने वाले कुछ कलेक्‍टर्स की छुट्टी भी हो सकती है। बैठक में शामिल होने के लिए बस्‍तर और सरगुजा संभाग के कलेक्‍टर और संभागाआयुक्‍त एक दिन पहले ही रायपुर पहुंच गए थे। बाकी कलेक्‍टर्स गुरुवार की सुबह पहुुंचे हैं।

बैठक में कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव रेणु जी.पिल्ले, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू सहित प्रमुख सचिव, विभिन्न विभागों के सचिव, कमिश्नर, जिलों के कलेक्टर तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *