केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिया स्वस्थ जीवन का संदेश, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उस्लापुर रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों का किया अवलोकन

बिलासपुर, छत्तीसगढ़।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री तोखन साहू ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्व. बी.आर. यादव स्मृति राज्य प्रशिक्षण खेल परिसर, बेहतराई (बिलासपुर) में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर श्री साहू ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि समग्र स्वास्थ्य, मानसिक शांति एवं सकारात्मक जीवन दृष्टि का आधार है।

उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सतत प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के करोड़ों लोग स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपना रहे हैं। श्री साहू ने नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इसके पश्चात श्री तोखन साहू ने आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संचालित प्रगति पथ यात्रा के अंतर्गत अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे उस्लापुर रेलवे स्टेशन के निर्माण एवं विकास कार्यों का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों के लिए विकसित की जा रही आधुनिक सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन, स्वच्छता व्यवस्था, सुगम आवागमन तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय रेल का व्यापक आधुनिकीकरण किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुविधायुक्त एवं विश्वस्तरीय स्वरूप प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना न केवल यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध करा रही है, बल्कि क्षेत्रीय विकास, आर्थिक गतिविधियों और स्थानीय रोजगार को भी नई गति प्रदान कर रही है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में आधुनिक परिवहन अवसंरचना, सुगम कनेक्टिविटी तथा जनसुविधाओं का विस्तार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *