आगरा। आधी रात महिला सिपाही से मिलने उसके घर पहुंचे दरोगा को पकड़कर महिला सिपाही के घरवालों ने बीच सड़क पर जमकर पीटा। मामला आगरा के एत्मादपुर थाने का है। मारपीट के बाद थाने ले जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आगरा में तैनात दरोगा की एक महिला सिपाही से दोस्ती है। दरोगा उसी सिपाही से मिलने आधी रात को उसके घर पहुंचा था, तभी परिजनों ने उसे पकड़ लिया। महिला सिपाही के परिजन उसे पकड़कर घर से बाहर सड़क पर ले आए। और जमकर धुलाई कर डाली।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वायरल वीडियो में महिला सिपाही की बहन, भाई व अन्य परिजनों ने दरोगा को पिटते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट करने के बाद परिजन दरोगा को पकड़कर थाने भी ले गए। इसमें एक युवती दरोगा का कालर पकड़कर कर ले जाते हुए दिखाई दे रही है। चलते-चलते उसे थप्पड़ भी मार रही है।
घटना की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी अरुण कुमार बालियान ने बताया कि दोनों के बीच आपस का कुछ विवाद था। दोनों पक्ष पहले से ही एक दूसरे को जानते हैं। गलतफहमी के कारण मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। उधर, इस घटना पर महिला सिपाही की ओर से कोई बयान नहीं आया है।