आंध्रप्रदेश:दक्षिणी इलाकों में चक्रवात असानी का असर देखा जा रहा है। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में असानी चक्रवात के कारण तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों के लिए चक्रवात के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और आंध्र प्रदेश तट के करीब बंगाल की खाड़ी में पश्चिम-मध्य तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि तूफान के 10 मई की रात तक लगभग उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट से पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है. चक्रवाती तूफान की वजह से तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं.
मौसम विभाग ने कहा कि चक्रवात असानी के उत्तर-उत्तर पूर्व की ओर बढ़ने और उत्तर आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों से दूर बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी की ओर बढ़ने की संभावना है. इसके अगले 24 घंटों के दौरान धीरे-धीरे कमजोर होने की भी संभावना है.
आंध्र प्रदेश में IMD ने जानकारी दी है कि श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, पूर्वी गोदावरी, कृष्णा, गुंटूर और पश्चिम गोदावरी जिलों में बुधवार सुबह 8.30 बजे तक 40-50 किमी प्रति घंटे से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है.
इसके चलते, मलकानगिरी, गजपति, गंजम, पुरी जिलों के लिए अगले 24 घंटों के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है. साथ ही, मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे 13 मई तक ओडिशा तट के साथ-साथ समुद्र में न जाएं. उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा और 10 मई की रात से तटीय ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की भविष्यवाणी की गई है।