‘सनराइज ओवर अयोध्या’ पर कोहराम: नैनीताल में सलमान खुर्शीद के घर पर पत्थरबाजी,आगजनी

नैनीताल। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सलमान खुर्शीद की किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या’ पर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक बयानों में दिखने वाली आग उनके घर तक पहुंच गई है। नैनीताल में उनके घर पर सोमवार को आग लगा दी गई। पत्थरबाजी की गई। इसकी जानकारी स्वयं सलमान खुर्शीद ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर दी। इसके बाद से मामले ने अलग मोड़ ले लिया है।

सलमान खुर्शीद के घर पर हमले का आरोप भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लगाया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि उपद्रवियों के हाथ में बीजेपी का झंडा था, वे सांप्रदायिक नारे लगा रहे थे। खुर्शीद के घर पर जिस समय हमला हुआ, संयोग से परिवार का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था। इस घटना में किसी के घायल होने की बात अब तक नहीं कही जा रही है। वहां मौजूद सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तैनात

घर पर हमला होने के बाद सलमान खुर्शीद की ओर से पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने उनके घर पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। आग को बुझा दिया गया। उनके घर के बाहर पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *