छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: ‘जवाद’ तूफान के असर से छत्तीसगढ़ में 3 से 6 दिसंबर तक आंधी-बारिश के आसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर

रायपुर। बंगाल की खाडी में उठे चक्रवात ‘जवाद’ के असर से दक्षिण छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जिलों में आंंधी के साथ तेज बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक यह तूफान चार दिसंबर को ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा। इसके प्रभाव से उन क्षेत्रों में भारी बारिश होगी। छत्तीसगढ़ में भी 3 से 6 दिसंबर के बीच तेज हवाओं और बारिश के अनुमान हैं।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, प्रारंभिक सूचना के अनुसार मध्य अंडमान सागर और उसके आसपास एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। उसके साथ ही एक ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा भी 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर बन रहा है। गुरुवार को प्रबल होकर यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अवदाब में बदल जाएगा। इसके पुनः प्रबल होकर एक चक्रवात के रूप में मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर अगले 24 घंटे में पहुंचने की संभावना बन रही है।

इसके उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ते हुए 4 दिसंबर की सुबह उत्तर आंध्र प्रदेश और उड़ीसा तट से टकराने की संभावना बन रही है। इसकी वजह से ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश होगी। अनुमान है कि ओडिशा और आंध्र प्रदेश से लगे छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जिलों में इसके प्रभाव से तेज हवाएं चलेंगी। कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि बारिश का अधिकतर क्षेत्र दक्षिण छत्तीसगढ़ ही रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *