राष्ट्रीय मंच पर माही पाठक ने कथक में हासिल किया प्रथम स्थान, मुंगेली का नाम किया रोशन

मुंगेली/भिलाई। एसएनजी स्कूल ऑडिटोरियम, भिलाई में आयोजित अंतर-विद्यालयीन एवं ओपन नेशनल प्रतियोगिता ‘स्वरंगना 2K26’ का भव्य समापन हुआ। 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस तीन दिवसीय ऑल इंडिया कॉम्पिटिशन में देशभर से आए प्रतिभावान कलाकारों ने विभिन्न कला विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


छत्तीसगढ़ के भिलाई में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में माही (अंकिता) पाठक ने अपने उत्कृष्ट कथक नृत्य का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से उनके परिजनों के साथ-साथ मुंगेली क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।
जी.आर. डांस स्टूडियो द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय मंच पर डांस, सिंगिंग, इंस्ट्रूमेंटल और ड्राइंग जैसी विभिन्न कलात्मक विधाओं में क्लासिकल एवं नॉन-क्लासिकल श्रेणियों के तहत प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। माही पाठक ने कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।


माही की इस शानदार उपलब्धि पर उनके पिता सतीश पाठक राजू, माता स्वीटी पाठक सहित पूरे पाठक परिवार ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। परिजनों बड़े पापा सुनील पाठक एवं बड़ी मम्मी रजनी पाठक ने बताया कि माही की शुरू से ही नृत्य, चित्रकला सहित विभिन्न कलात्मक विधाओं में विशेष रुचि रही है। उसकी मेहनत और सफलता पर पूरा पाठक परिवार गौरवान्वित है।


भिलाई में आयोजित गरिमामय सम्मान समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा माही को स्मृति चिन्ह (ट्रॉफी) एवं प्रथम स्थान का प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। माही (अंकिता) की इस गौरवमयी सफलता पर परिजनों, शुभचिंतकों एवं मुंगेली के कला प्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *