दस साल की मेहनत, हजारों पौधे और हरित मुंगेली का संकल्प—स्टार्स ऑफ टुमॉरो को मिला राज्यस्तरीय सम्मान

मुंगेली। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मुंगेली की सामाजिक संस्था स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी को रायपुर में आयोजित ‘GenNext संवाद’ कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के करकमलों से संस्था को यह सम्मान प्रदान किया गया। प्रदेशभर में 15 विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के बीच स्टार्स ऑफ टुमॉरो का चयन होना, संस्था के वर्षों के समर्पण, सामूहिक प्रयासों और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण प्रतिफल है।

दस वर्षों में जनअभियान बना ‘हरियर मुंगेली–सुघ्घर मुंगेली’

स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी द्वारा वर्ष 2016 में शुरू किया गया ‘हरियर मुंगेली–सुघ्घर मुंगेली’ अभियान आज मुंगेली में पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता की पहचान बन चुका है। संस्था ने पिछले दस वर्षों में आठ हजार से अधिक पौधों का रोपण किया है। इनमें से अनेक पौधे आज बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को स्वच्छ एवं हराभरा बनाने में योगदान दे रहे हैं। संस्था ने अपने अभियान में केवल पौधे लगाने तक सीमित रहने के बजाय उनके संरक्षण को प्राथमिकता दी है। ‘क्वांटिटी से ज्यादा क्वालिटी’ की सोच के साथ पौधों को ट्री गार्ड एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का प्रयास किया जाता है। संस्था का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण का वास्तविक उद्देश्य पौधों की संख्या बढ़ाना ही नहीं, बल्कि उन्हें जीवित रखकर आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित धरोहर तैयार करना है।

सम्मान से बढ़ी जिम्मेदारी : रामपाल सिंह ठाकुर

संस्था के संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि स्टार्स ऑफ टुमॉरो की पूरी टीम, सहयोगियों और उन सभी प्रकृति प्रेमियों का है, जिन्होंने ‘हरियर मुंगेली–सुघ्घर मुंगेली’ की इस हरित यात्रा में अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के हाथों मिला यह सम्मान संस्था के लिए गौरव का विषय है। इससे पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को और अधिक उत्साह, ऊर्जा एवं जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *