Breaking-जिसे जनता का समर्थन और जीतने वाला होगा उसे ही कांग्रेस से टिकट, पुनिया ने बताया उम्मीदवारी का फार्मूला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों के चयन के लिए बुलाई गई बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने साफ किया है कि कांग्रेस नगरीय निकाय चुनाव के लिए जनता की राय लेकर ही अपने उम्मीदवार तय करेगी।

कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि बैठक में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर मंत्री और संगठन नेताओं ने अपनी बात रखी। बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि जिसे जनता का समर्थन होगा और जीतने वाला होगा, उसे ही पार्टी अपना उम्मीदवार बनाएगी।

इस दौरान प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि हमारी सरकार लगातार 3 साल से जिम्मेदारी से कम कर रही है। इसी आधार पर हम चुनाव में जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा जो 240 राष्ट्रीय पुरस्कार वितरित हुए हैं, उनमे से 67 पुरस्कार अकेले छत्तीसगढ़ को मिले हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर हम चुनाव में उतरेंगे।

सिंहदेव ने कहा, अटल आवास योजना, बिजली बिल हाफ,जमीन उपलब्ध कराना, पट्टा उपलब्ध कराना के साथ ही सड़क, नाली इन सब कार्य को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री टीएस सिंहदेव, डॉ. प्रेम साय सिंह, ताम्रध्वज साहू, डॉ. शिवकुमार डहरिया, मोहम्मद अकबर, अनिल भेड़िया, गुरु रुद्र कुमार, अमरजीत भगत, सांसद ज्योत्सना महंत, सत्यनारायण शर्मा, देवेंद्र यादव, अम्बिका सिंहदेव, शिशुपाल सोरी, गुरुदयाल सिंह, प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, गिरीश देवांगन, प्रभारी महामंत्री द्वय रवि घोष, चंद्रशेखर शुक्ला, नगरीय निकाय के पर्यवेक्षक, जिला अध्यक्ष, जिला के प्रभारी मंत्री, जिला संगठन के प्रभारी भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *