माँ महामाया की भक्ति में सराबोर बेलतरा, पाँचवें दिन गाँव-गाँव उमड़ा आस्था का जनसैलाब

सेमरताल से लोफन्दी तक भव्य स्वागत; गतौरी में जेसीबी से पुष्पवर्षा, रमतला में विधायक सुशांत शुक्ला को लड्डुओं से तौला, भदोरियाखार और सेंदरी में जैतखाम पर अर्पित की गई श्वेत ध्वजा (पालो)

बिलासपुर। बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकाली जा रही शारदीय नवरात्रि ध्वजा यात्रा के पाँचवें दिन सेमरताल से लोफन्दी तक श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न ग्रामों में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। कहीं पुष्पवर्षा हुई, तो कहीं माता की झांकी और पारंपरिक धार्मिक आयोजनों के माध्यम से माँ महामाया के प्रति आस्था प्रकट की गई।

सेमरताल और गतौरी में भव्य स्वागत

पाँचवें दिन यात्रा का शुभारंभ सेमरताल से हुआ, जहाँ सरपंच श्री धनेत्तर सूर्यवंशी के नेतृत्व में महिलाओं एवं ग्रामीणों ने स्वागत किया। इसके बाद गतौरी में सरपंच श्री नंदू मरकाम, श्री दिनेश सिंह ठाकुर, श्री राजा ठाकुर सहित ग्रामीणों ने जेसीबी से पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया।

भदोरियाखार और सेंदरी में अर्पित की गई श्वेत ध्वजा

भदोरियाखार में पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी के जैतखाम पर श्वेत ध्वजा (पालो) अर्पित की गई। वहीं सेंदरी में माता सेंदुरा को ध्वजा चढ़ाने के साथ गुरु घासीदास बाबा जी के जैतखाम पर भी श्वेत ध्वजा अर्पित की गई। इन आयोजनों के माध्यम से धार्मिक परंपराओं के सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया

रमतला में विधायक सुशांत शुक्ला का अनूठा अभिनंदन

रमतला में युवाओं ने विधायक श्री सुशांत शुक्ला को लड्डुओं से तौलकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर बच्चों एवं महिलाओं ने माता रानी की विशेष झांकी भी निकाली, जो आकर्षण का केंद्र रही।

लोफन्दी में चंदन यादव की टीम ने प्रस्तुत किया जगराता

यात्रा कछार होते हुए लोफन्दी पहुँची, जहाँ रात्रि विश्राम हुआ। इस दौरान लोकगायक श्री चंदन यादव की टीम ने माता के भक्ति गीतों और जगराते की प्रस्तुति दी। भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने भक्तिमय संध्या का आनंद लिया।

छठवें दिन रानीगांव पहुँचेगी यात्रा

ध्वजा यात्रा के छठवें दिन लोफन्दी से प्रस्थान कर लक्षनपुर, पेंडरवा और गोंदइया होते हुए रानीगांव पहुँचेगी, जहाँ रात्रि विश्राम होगा। यात्रा के स्वागत को लेकर विभिन्न ग्रामों में तैयारियाँ की जा रही हैं।

विधायक श्री सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकाली जा रही यह ध्वजा यात्रा माँ महामाया के प्रति आस्था के साथ सनातन संस्कृति के संरक्षण, ग्राम्य परंपराओं के सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश दे रही है। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन को जनआस्था का व्यापक उत्सव बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *