नई दिल्ली। देशभर में एक बार फिर कोरोना वायरस ( Coronavirus ) के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ओमिक्रॉन वैरिएंट ( Omicron Variant ) की दस्तक के बाद से ही देश में तीसरी लहर को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
जानकारों की मानना है कि इस वक्त नहीं संभले तो ये आने वाले दिनों में तीसरी लहर का बड़ा कारण बन सकता है। यही वजह है कि केंद्र सरकार भी कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए कई कड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में केंद्र ने 10 राज्यों को एक चिट्ठी लिखी, जिसमें नाइट कर्फ्यू समेत जरूरी कदम उठाए जाने को कहा गया है। केंद्र स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के सचिवों, प्रशासकों को पत्र लिखकर अहम निर्देश दिए हैं।
केंद्र स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के सचिवों, प्रशासकों को पत्र लिखकर कहा है कि जिन जिलों में तेजी से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, उन पर नजर रखें।
इन पाबंदियों को करें लागू
भूषण ने कहा कि जरूरत पड़ने पर नाइट कर्फ्यू दोबारा लगाया जाए। इसके अलावा लोगों के इकट्ठा होने पर बैन लगाना, विवाह और अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों की संख्या को कम करना जैसे कदमों को जरूरत पड़ने पर तुरंत उठाया जाए।