मुंगेली में कृषि शिक्षा के विस्तार के लिए 30 एकड़ जमीन और 60 लाख का दान, डॉ. विनय गुप्ता को मिला ‘उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान

मुंगेली /किसानों के उत्थान और कृषि शिक्षा को बढ़ावा देने के क्षेत्र में योगदान के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भवानी साव रामलाल साव धर्मादा ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ.विनय गुप्ता को ‘उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया। ट्रस्ट द्वारा वर्ष 2008 में मुंगेली में कृषि इंजीनियरिंग महाविद्यालय की स्थापना एवं कृषि शिक्षा के विस्तार के उद्देश्य से 30 एकड़ जमीन और 60 लाख रुपये का दान दिया गया था।

ट्रस्ट की यह पहल जिले में कृषि आधारित तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जाती है। ग्राम चालान में स्थित दान की गई भूमि का उपयोग कृषि शिक्षा के विस्तार के लिए किया जा रहा है। इससे मुंगेली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को कृषि इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिली है।

भवानी साव रामलाल साव धर्मादा ट्रस्ट पूर्व से ही शिक्षा के विकास में योगदान दिया है। मुंगेली क्षेत्र में बी आर साव हायर सेकेंडरी स्कूल के लिये भवन निर्माण कराया गया और बाद में गर्ल हायर सेकेंडरी स्कूल भी प्रारंभ किया गया। इसके साथ ही आपदा के समय मदद, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्थान, उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं का सम्मान ट्रस्ट की ओर से किया जाता रहा है। क्षेत्र में कृषि शीक्षा और अनुसंधान से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार की मांग लंबे समय से उठती रही है। ऐसे में ट्रस्ट द्वारा भूमि और आर्थिक सहयोग प्रदान करना क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं के विकास की दिशा में अहम पहल है।

डॉ. विनय गुप्ता को मिला ‘उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान’ कृषि शिक्षा के विस्तार और किसानों के उत्थान के लिए किए गए योगदान को सम्मानित करने का अवसर है। यह पहल क्षेत्र में कृषि तकनीक, उच्च शिक्षा और ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *