नई दिल्ली: (American Woman Found Covid Positive in Aeroplane) अमेरिका के शिकागो से आइसलैंड जा रही स्कूल टीचर मारिसा फोटियो के साथ हाल ही में एक चौंकाने वाली घटना हुई जिसके बाद से ही वो सुर्खियों में हैं। एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक मारिसा प्लेन में यात्रा कर रही थीं जब अचानक उन्हें कोरोना जैसे सिंप्टम मेहसूस होने लगे। जब प्लेन अटलांटिक महासागर पार कर रहा था तब उन्हें गले में खराश मेहसूस हुई. उन्होंने तुरंत ही फ्लाइट के कर्मियों को इस बात की जानकारी दी।
फ्लाइट पर ही कोरोना पॉजिटिव पाई गई महिला
फ्लाइट पर ही उनका रैपिड लैट्रल फ्लो टेस्ट करवाया गया जिसमें वो पॉजिटिव आईं। प्लेन में इतनी सीटें नहीं थीं कि उन्हें आइसोलेट किया जाए तो मारिसा ने खुद ही प्लेन के बाथरूम में खुद को लगभग 4 घंटे तक आइसोलेट करने का फैसला किया, उन्होंने ये कदम अन्य यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया।
बाथरूम में बिताया 4 से 5 घंटे का वक्त
महिला ने अपने बयान में कहा- “मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि मैंने प्लेन के बाथरूम में 4-5 घंटे बिता दिया, मगर आपको वो करना पड़ता जो जरूरी है। मैं अपना टेस्ट बाथरूम में साथ लेती आई और उसमें जैसे ही दो लाइनें दिखाई दीं वैसे ही मैं घबरा गई क्योंकि मैं पॉजिटिव निकली थी। इसके बाद मैंने तुरंत सोचा कि प्लेन में करीब 150 लोग हैं तो मैं उन्हें संक्रमित ना करूं, इसलिए मैं बाथरूम में आइसोलेट होने के लिए चली आई।
मारिसा ने बाथरूम में आइसोलेट होने के बाद अपना एक वीडियो बनाया और बाद में उसे टिकटॉक पर शेयर किया जो रिपोर्ट के मुताबिक अब तक काफी पॉपुलर हो चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक अब मारिसा आइसलैंड में 10 दिनों के लिए क्वारंटीन पर हैं। उनके पिता और भाई भी उसी प्लेन पर थे, दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें आइसलैंड से आगे स्विट्जरलैंड जाने की इजाजत मिल गई है।